मसूरी। मसूरी केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक संवेदनशील हिमालयी नगर और हजारों स्थानीय नागरिकों का घर है। आज अनियंत्रित निर्माण, प्राकृतिक जलस्रोतों पर बढ़ता दबाव, वन भूमि और पहाड़ों का क्षरण, स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट तथा लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था मसूरी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। जिस पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवीद्र जुगराण ने संबंधित विभागों से बिंदुवार नीति व समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा की है।
मसूरी के विकास की चर्चा करते समय केवल पर्यटन से होने वाली आमदनी और नई परियोजनाओं को आधार नहीं बनाया जा सकता। यह भी देखना होगा कि इस विकास की पर्यावरणीय कीमत कौन चुका रहा है और स्थानीय निवासियों को इसका कितना लाभ मिल रहा है। इस संबंध में निम्नलिखित पांच विषयों पर सरकार और संबंधित विभागों से स्पष्ट नीति तथा समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा है। जल जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में प्राकृतिक जलस्रोतों, वन भूमि, चारागाहों और संवेदनशील पहाड़ी ढलानों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाए। अवैध खनन, पहाड़ों की कटाई, वन भूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों के अनियंत्रित कटान पर प्रभावी कार्रवाई हो। पुराने प्राकृतिक जलस्रोतों और धाराओं को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई जाए। पेयजल और प्राकृतिक जलस्रोतों पर बढ़ता दबाव को ध्यान में रखते हुए मसूरी में होटल, रिसॉर्ट और आवासीय परियोजनाओं की बढ़ती संख्या के साथ पानी की मांग भी बढ़ रही है। प्रत्येक बड़ी परियोजना के लिए जल उपलब्धता का आकलन और पानी की खपत का ऑडिट अनिवार्य होना चाहिए। स्थानीय नागरिकों की पेयजल जरूरतों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। स्थानीय रोजगार और पर्यटन में स्थानीय भागीदारी के लिए मसूरी के पर्यटन और होटल उद्योग से स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिले। स्थानीय टैक्सी संचालकों, गाइड, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों के हित सुरक्षित किए जायें। बड़ी पर्यटन परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं और उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए। यातायात, पार्किंग और मसूरी की वहन क्षमता के लिए मसूरी में बढ़ते वाहनों और पर्यटकों के दबाव को देखते हुए शहर की वैज्ञानिक वहन क्षमता निर्धारित की जाए। शहर के बाहर व्यवस्थित पार्किंग, शटल परिवहन और स्थानीय निवासियों के लिए निर्बाध आवागमन की व्यवस्था हो। स्कूल बसों और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए विशेष यातायात प्रबंधन किया जाए। रोपवे, सड़क और पार्किंग परियोजनाओं का पर्यावरणीय एवं यातायात प्रभाव भी सार्वजनिक किया जाए। अनियंत्रित निर्माण और भविष्य की विकास नीति के लिए मसूरी के संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित ढलानों और जलस्रोतों के आसपास निर्माण गतिविधियों की समीक्षा हो। होटल, रिसॉर्ट और आवासीय परियोजनाओं की स्वीकृतियों, वास्तविक निर्माण, पर्यावरणीय शर्तों और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का ऑडिट कराया जाए। विकास योजनाएं मसूरी की भौगोलिक सीमाओं और पर्यावरणीय क्षमता के अनुरूप बनाई जाएं। सरकार से अपेक्षा है कि सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाए। प्रत्येक विषय पर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए और उसकी प्रगति सार्वजनिक की जाए। मसूरी के भविष्य से जुड़े निर्णयों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और स्थानीय संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। मसूरी को बचाने का अर्थ विकास रोकना नहीं है, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसमें प्रकृति का संरक्षण, स्थानीय लोगों के अधिकार, रोजगार और पर्यटन के बीच संतुलन बना रहे। मसूरी का विकास उसकी प्राकृतिक पहचान और स्थानीय नागरिकों की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

