मालरोड बैरियर विवाद पीआरडी सिपाही के लिखित माफी मांगने पर समाप्त।

मसूरी:- पर्यटन नगरी मसूरी की मालरोड इन दिनों विवादों का कारण बन रही है, ऐसे में इसका खामियाजा पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों  को भुगतना पड रहा है। जब विवाद प्रतिबंधित समय में मालरोड पर एंट्री को लेकर हुआ तो  पीआरडी के जवान ने एक युवक के थप्पड़ मार दिया उसके बाद जो हंगामा हुआ वह गत रात्रि से आज दोपहर तक चलता रहा जिसके कारण इससे पर्यटको को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात्रि में धरना दे रहे युवकों को पूर्व  पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल द्वारा समझा बूझकर शांत करा दिया गया था, लेकिन सुबह शहीद भगत सिंह चौक पर करीब एक घंटे तक धरना देकर जाम लगाया गया व उसके बाद मामला कोतवाली पहुंचा जहां पीआरडी जवान के माफी मांगने पर मामला शांत हुआ इससे भले ही जीत मसूरी वासियों की हुई लेकिन पर्यटन हार गया।
शहीद भगत सिंह चौक पर जाम लगने के कारण मसूरी देहरादून मार्ग पर किंक्रेग तक जाम लग गया वहीं मालरोड सहित लंढौर रोड पर जाम लग गया, जब पुलिस ने उन्हें कहा कि इससे पर्यटकों को परेशानी हो रही है सभी लोग कोतवाली चलें व वहां पर उक्त पीआरडी जवान माफी मांगेगा तब जाकर धरना समाप्त किया गया लेकिन  फिर भी जाम खुलने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इससे जिन पर्यटकों की ट्रेन, हवाई जहाज या बसे बुक  थी उनको नुकसान हुआ है। जाम के कारण वह समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पायेंगे। इस हंगामें के बीच पालिका कर्मियों ने भी बैरियर खोल दिये ताकि जाम समाप्त हो लेकिन इससे नगर पालिका को लाखों का नुकसान उठाना पड़ा ,सभी पर्यटक वाहन बिना पैसे दिए अदंर जाते रहे। वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली गये व जिसमें पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी भी गई व उसके बाद पीआरडी जवान ने लिखित माफी मांगी तक जाकर मामला शांत हुआ। वहीं पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया  कि पीआरडी जवान को तत्काल हटा दिया जाय व उसे हटा दिया गया। वहीं उन्होंने कहा कि मसूरी पर्यटक स्थल है लेकिन ऐसा गुंडागर्दी का माहौल स्वीकार नहीं होगा, जो शरारती तत्व कानून अपने हाथ में लेते है उनके खिलाफ मैं भी खड़ी हूं। यदि झगड़ा होता है इसके लिए कोतवाली में जाना चाहिए, इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहाकि प्रतिबंधित समय में मालरोड पर वाहन नहीं चलने दिए जायेगे, इसके लिए लोकल को भी सहयोग करना होगा, अन्यथा व्यवस्था नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि जो भी कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। समझौता करवाते समय कोतवाली में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, सीओ मनोज असवाल, अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह, पालिका सभासद पवन थलवाल, रणवीर कंडारी, सचिन गुहेर, सभासद प्रतिनिधि गौरव गुप्ता, भरत सिंह चौहान, पालिका पर्यटन अधिकारी चंद्र प्रकाश बडोनी, आदि मौजूद रहे।