मसूरी:-मसूरी माल रोड के सौंदर्यीकरण को लेकर किये जा रहे कार्य का आज लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने निरीक्षण किया और हाल ही में क्षतिग्रस्त पुस्ते को 1 माह के भीतर ठीक करने का आश्वासन दिया। इसी पुस्ते के क्षतिग्रस्त होने के दौरान डम्पर पलटने से ड्राइवर की मौत हुई थी। इन दिनों मसूरी माल रोड के सौंदर्यीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है, साथ ही मसूरी में पर्यटक सीजन भी शुरू हो चुका है ऐसे में विभाग को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है । जहां एक और माल रोड में पर्यटकों की भीड़ है वही लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्य में गतिरोध भी उत्पन्न हो रहा है जिस कारण लगातार कार्य में बाधा पहुंच रही है और तय समय पर माल रोड का कार्य नहीं हो पा रहा है, जिसको लेकर आज अधिशासी अभियंता ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ ही जल्द से जल्द माल रोड के सौन्दर्यीकरण का कार्य पूर्ण करने की बात कही है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि बजट के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के साथ वार्ता चल रही है और शीघ्र ही पुस्ते का निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा । उन्होंने कहा कि माल रोड में रात्रि के समय कार्य किया जाएगा ताकि पर्यटक को और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
इस अवसर पर सभासद गीता कुमाई ने कहा कि अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी पूर्व में वार्ता की थी और जल्द से जल्द माल रोड के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए थे उन्होंने कहा कि माल रोड के कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और पर्यटक सीजन से पहले सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूरा किया जाए। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष ओपी उनियाल ने भी अधिशासी अभियंता को शीघ्र माल रोड के सौंदर्य करण के साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का कहा तथा लाइब्रेरी में टूटे हुए पुस्ते को तुरंत ठीक करने की बात कही।

