कूडा उठान पर्यावरण मित्रों ने सुपरवाइजरों को हटाने व वेतन देने की मांग को लेकर लॉर्ड शिवा संस्था के विरुद्ध किया प्रदर्शन।

मसूरी। मसूूरी नगर पालिका ने दो माह पूर्व जिस संस्था लार्ड शिवा को घर घर से कूड़ा उठाने का कार्य सौंपा था,दो माह बाद ही कर्मचारियों ने  संस्था का विरोध शुरू कर दिया व प्रदर्शन  भी किया। कर्मचारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को 15 हजार वेतन देने पर पालिकाध्यक्ष के नेतृत्व में समझौता किया गया था लेकिन दो माह से वेतन नहीं मिला, वहीं 33 में से 25सुपरवाइजरों को हटाया जा रहा है ऐसे में कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है कि अब वह विगत कई वर्षों से कार्य कर रहे थे अब उन पर परिवार के पोषण का संकट पैदा हो गया है । कर्मचारियों से स्पष्ट कहा कि वह इस संस्था के अधीन कार्य नहीं करेंगे व मांग की कि इस संस्था को यथाशीघ्र हटाया जाय। कर्मचारियों की मांग है कि सभी हटाये जा रहे सुपरवाइजरों का वापस लिया जाय व वेतन दिया जाय।

कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने पर्यावरण मित्रों के साथ पालिका सभागार में बैठक की व उनकी समस्याओं को सुना व निराकरण किया। कर्मचारियों व पालिका परिषद के बीच हुई वार्ता के  बाद त्वरित निराकरण किया गया ,जिसमें डोर टू डोर कूडा कलेक्शन, वाहन चालक एवं हेल्पर्स से जुडे समस्त बिंदुओं पर शिकायतों का मौके पर ही तत्काल निराकरण कर दिया गया। सुपरवाइजरों को हटाये जाने पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कार्यदायी संस्था लार्ड शिवा के साथ एक दिन बाद विशेष बैठक करेगी व उनकी समस्या का समाधान किया जायेगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने पर्यावरण मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उनका योगदान सर्वोपरि है और उनके हितों का संरक्षण करना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मियों से अपील की कि अपनी डयूटी पर पूरी निष्ठा के साथ लौटे ताकि नगर की स्वच्छता प्रभावित न हो। इस मौके पर वार्ता में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित सभासद अमित भटट, जसबीर कौर, शिवानी भारती, सचिन गुहेर गीता कुमाई, गौरी थपलियाल, विशाल खरोला, पवन थलवाल, बबीता मल्ल, रूचिता गुप्ता व पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।