मसूरी। प्रजापिता ब्रहम कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र बालाहिसार में रक्षाबंधन का पर्व पारस्परिक सौहार्द और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। इस अवसर पर समाज को नशामुक्त बनाने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प भी लिया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र की ओर से उपस्थित लोगों को रक्षासूत्र बांधा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ साथ समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बीके गीता ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था के माध्यम से नशामुक्त भारत और सामाजिक बुराइयों से मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज से कुरीतियां और बुराइयां दूर होंगी, तभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर रक्षासूत्र बांधने के साथ समाज को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का संकल्प लिया । उन्होंने ब्रह्माकुमारी केंद्र के शांतिपूर्ण और सकारात्मक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा दिए जाने वाले आध्यात्मिक और नैतिक संदेशों को यदि आम जनमानस अपने जीवन में अपनाए, तो समाज में सुख, शांति और समृद्धि को बढ़ावा मिल सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने, सामाजिक बुराइयों का विरोध करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित के संदेश से जोड़ते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, बीके किरन रस्तोगी सहित पालिका सभासद, विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।

