मसूरी:-एसडीएम डा. दीपक सैनी ने मसूरी में पेयजल की समस्या को लेकर जल संस्थान व जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की व समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए ताकि जनता को हो रही असुविधा से मुक्ति मिल सके।
एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में एसडीएम डा. दीपक सैनी ने कहा कि आगामी सीजन व यात्रा सीजन को देखते हुए आने वाले पर्यटकों व यात्रियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े इसको लेकर जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की व समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मसूरी में भी कुछ क्षेत्रों में पानी की समस्या का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल निगम से चार एमएलडी पानी जलसंस्थान को दिया जा रहा है व अब साढे 11 एमएलडी पानी उपलब्ध है जबकि सीजन में 14 एमएलडी पानी की जरूरत पड़ती है इसके लिए यमुना पेयजल योजना से आठ एमएलडी पानी अतिरिक्त है जिससे पानी की आपूर्ति की जायेगी। इसके लिए जल निगम व जल संस्थान से आपस में तालमेल बना कर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि शिव कालोनी की पानी की समस्या का समाधान करने के लिए जल संस्थान को दो समय जो पानी दिया जाता है उसका समय बढाने को कहा गया है। वहां पर पांच स्टैण्ड पोस्ट है जिसमें अब दोनों समय पहले से अधिक समय तक पानी दिया जायेगा। वहीं बार्लोगंज में जो पानी की समस्या प्रेशर कम होने की थी उसका समाधान कर दिया गया है। लंढौर क्षेत्र में पानी की समस्या की कोई शिकायत नहीं आयी लेकिन वहां भी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये वहीं झड़ीपानी में पानी का प्रेशर तेज होने की मसस्या थी उसे ठीक करने के निर्देश दिए गये वहीं गनहिल में कार्य चल रहा है लेकिन पानी बाधित नहीं है इस कार्य के पूरा होने पर टैंक की क्षमता बढ जायेगी वहीं गत दिवस जल निगम के अधीक्षण अभियंता आये थे उन्होंने बताया कि पंपिंग का पूरा कार्य 15 दिनों में कर दिया जायेगा। जल निगम का जो सीवर का कार्य चल रहा है उसे प्रतिदिन मानीटर किया जा रहा है व उन्हें हर रोज रिपोर्ट देने को कहा गया है वहीं लाइब्रेरी से अकादमी तक इंटरलॉक टाइलों को लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि सीजन में किसी को परेशानी न हो। इस मौके पर जल निगम के सहायक अभियंता विनोद रतूड़ी, जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

