लाइब्रेरी बस स्टैंड पर दस दिनों में रोडवेज टिकट काउंटर व यात्रियों की सुविधा के लिए टिन शैड का निर्माण किया जायेगा।

मसूरी:-लाइब्रेरी बस स्टैण्ड पर उत्तराखंड परिवहन निगम का टिकट काउंटर व यात्री विश्राम गृह न होने से बस यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसका संज्ञान लेकर उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों ने लाइब्रेरी बस स्टैण्ड पर स्थान चिन्हित किया व एसडीएम से वार्ता कर दस दिनों में टिकट काउंटर व यात्रियों को धूप पानी से बचने के लिए एक टिन शैड बनाने का निर्णय लिया।
मालूम हो कि लाइब्रेरी बस स्टैण्ड पर उत्तराखंड परिवहन निगम का टिकट काउंटर व यात्री विश्राम गृह पुरूकुल रोवपे के लिए प्रशासन ने खाली करा दिया था, उसके बाद से अभी तक टिकट काउंटर व विश्राम गृह न होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहां यात्री बस की इंतजार में धूप व बारिश में भीगते हुए कर रहे हैं व बस आते ही यात्री बस पर टूट पड़ते हैं। जिससे अव्यव्स्था बनी रहती है व मसूरी व उत्तराखंड परिवहन निगम की छवि पूरे देश में खराब हो रही थी। इसी कड़ी में उत्तराखंड परिवहन निगम के एजीएम राजेंद्र सिंह कठैत, बस इंचार्ज देहरादून मेजपाल सिंह, मसूरी बस इंचार्ज गिरीश जोशी, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष कलम सिंह तोमर ने लाइब्रेरी सब स्टैण्ड पर टिकट काउंटर का निरीक्षण भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल व सतीश ढौडियाल के साथ किया व उसके बाद एसडीएम मसूरी डा. दीपक सैनी से कार्यालय में जाकर वार्ता की। जिस पर एसडीएम सैनी ने परिवहन निगम के अधिकारियों को जगह देने पर सहमति दी व नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को मौके पर जाकर परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ   स्थलीय निरीक्षण कर जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। वहीं परिवहन निगम के अधिकारियों ने दस दिन में टिकट काउंटर व यात्रियों के लिए टिन शैड बनाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसडीएम डा़ दीपक सैनी ने कहाकि उक्त जगह नगर पालिका की है व उन्हें टिकट कांउटर के लिए दी जा रही है ताकि वहां पर टिकट काउंटर बन सके इसके लिए पालिका के अधिशसी अधिकारी को निर्देश दिया गया है जिससे यात्रियों की परेशानी का समाधान निकल सके। वहीं इंचार्ज मेजपाल सिंह ने कहा कि लाइब्रेरी में टिकट काउंटर व यात्रियों को धूप बारिश से बचने के लिए स्थान न होने के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है जिससे मसूरी व विभाग की छवि पूरे देश में खराब हो रही है। इस संबंध में एसडीएम मसूरी ने स्थान देने पर सहमति दी है जिस पर दस दिनों में टिकट काउंटर व टिन शैड बना दिया जाएगा। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष कलम सिंह तोमर ने बताया की बस स्टैंड पर टिकट काउंटर बनाने के लिए एसडीएम मसूरी को पत्र दिया गया था। उन्होंने कहा कि बस काउंटर ना होने के कारण टैक्सी वालों द्वारा यात्रियों से मन मानना किराया वसूला जाता है जिससे यात्रियों को नुकसान तो होता ही है साथ ही राज्य सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। इस अवसर पर सतीश ढोंडियाल,  अतुल अग्रवाल, जोगिंदर सिंह, अरुण अग्रवाल आदि मौजूद रहे।