शिव कालोनी सहित अनेक क्षेत्रों में पानी की किल्लत , टेंकर से हो रही है सपलाई।

मसूरी: एक ओर मसूरी में पानी की कमी को दूर करने के लिए 144 करोड़   की पेयजल योजना बनकर तैयार हो गई है लेकिन अभी तक इसका लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। इसी कड़ी में शिव कालोनी सहित अन्य स्थानों पर पानी की कमी के कारण लोगों में आक्रोश बढ रहा है।

गर्मी बढते ही पर्यटन नगरी में पानी की कमी होने लगी है, व शिव कालोनी सहित अनेक स्थानों पर लोगों को पानी के लिए बाल्टियों को लेकर भटकना पड़ रहा है। शिव कालोनी में पानी की किल्लत के कारण आपस में लोगों की बीच झगड़ा भी हो रहा है। इस संबध्ंा में पता लगने पर भाजपा नेता व व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल शिव कालोनी गये व जल संस्थान को सूचना दी कि इस क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है जिस पर जल संस्थान ने पानी का टैंकर भिजवाया व लोगों को पानी उपलब्ध करवाया इसके लिए रजत अग्रवाल ने जल संसथान का आभार व्यक्त किया। लेकिन वहीं दूसरी ओर मसूरी के कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत बनी है व आज भी लोगों को पानी के टैंकरों से पानी की आपूर्ति करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि एक वर्ष पूर्व यमुना पेयजल योजना के मसूरी में पानी पहुंचने पर लोगों ने खुशियां मनाई थी, लेकिन इस सीजन भी लोगों को यमुना पेयजल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं कई क्षेत्रों में पानी की कमी के साथ ही पानी की लीकेज हो रही है, जिस पर जल संस्थान का ध्यान नहीं है जबकि सरकार व विभाग पानी की बचत करने की बात करता है, लेकिन खुद विभाग लीकेज नहीं रोक पा रहा है व लाखों लीटर पानी बेकार जा रहा है। पानी की लाइन खुलते ही पानी के पाईप से पानी लीक होकर व्यर्थ में बहता रहता है।