गढ़वाल सभा ने पालिकाध्यक्ष सहित सभासदों को सम्मानित किया।

मसूरी:-  गढवाल सभा एवं गढवाल महिला सभा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में नव निर्वाचित नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित सभी 13 सभासदों का शॉल भेंट कर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पालिका मसूरी की समस्याओं के समाधान का प्रयास करे इसमें दलगत भावनाओं से उपर उठकर सभी का पूरा सहयोग दिया जायेगा।
लाइब्रेरी स्थित एक होटल में गढवाल सभा सम्मान समारोह में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित सभासद गौरी थपलियाल, शिवानी भारती, विशाल खरोला, बबीता मल्ल, नीतू सिह, रूचिता गुप्ता, अमित भटट, गीता कुमाई, सचिन गुहेर, रणवीर कंडारी, पंकज खत्री, जसबीर कौर व पवन थलवाल को सम्मानित किया। इस मौके पर कार्यक्रम का संचालन कर रहे गढवाल सभा के महामंत्री गणेश कोठारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया व गढवाल सभा के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पालिका की नई बोर्ड जनहित के कार्य कर रही है उम्मीद है कि आगे भी इसी तरह करती रहेगी।
इस मौके पर वक्ताओं ने गढवाल सभा भवन के बारे में विस्तार से बताया कि गढवाल सभा ने चार करोड लगा कर भवन निर्माण का कार्य किया जो अधूरा है जिसे पिछली बोर्ड ने पर्यटन विभाग को दे दिया व अब वहां पर निर्माण होना संभव नहीं है, जिसमें कार्यदायी संस्था का पैसा भी लगा है। वक्ताओं ने कहा कि इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले तो उन्होंने डेढ करोड देने की घोषणा की लेकिन भवन कहां बनेगा अभी जगह नहीं है हाल ही में फिर मुख्यमंत्री से मिले तो उन्होंने कहा कि गढवाल सभा का भवन एमडीडीए बना कर देगा लेकिन कहां बनेगा इसका पता नहीं है, वक्ताओं ने कहा कि इसके लिए पहले स्थान चयन किया जायेगा व उम्मीद है कि दो सितंबर को मुख्यमंत्री से इसका शिलान्यास करवाया जा सकेगा। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पहली बार महिला नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठी है। उनसे उम्मीद है कि शहर की समस्याओं को गंभीरता से लेंगी व सुधार करेंगी विशेष कर मालरोड की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है जिसमें पूरा सहयोग किया जायेगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने सम्मान करने पर गढवाल सभा का विशेष आभार व्यक्त किया व भरोसा दिया कि शहर की समस्याओं को सुधारने का पूरा प्रयास किया जायेगा, जिसमें सभी शहर वासियों का सहयोग अपेक्षित है। कार्यक्रम को पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, ओपी उनियाल, लेखक गणेश सैली ने भी संबोधित किया। अंत में गढवाल सभा के अध्यक्ष भगवान सिंह धनाई ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पालिका सभासदों सहित गढवाल महासभा के महामंत्री भगवती सकलानी, महिला गढवाल सभा अध्यक्ष सुघा झिल्डियाल, भगवती प्रसाद कुकरेती, रजनी पंवार, सुनीता रणावत, रेखा ढौडियाल, सूर्यमणि झिल्डियाल, नमिता कुमाई, प्रमिला नेगी, भरोसी रावत, बिजेंद्र भंडारी, लक्ष्मी उनियाल, बबीता मित्तल, विजय नेगी, नरेंद्र मल्ल, रमेश भंडारी, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।