मसूरी को जाम से राहत दिलाने के लिए एसडीएम के नेतृत्व में किया निरीक्षण।

मसूरी। प्रदेश के गृह सचिव के निर्देश के बाद मसूरी में वाहनों के दबाव को कम करने, यातायात में सुधार, पार्किग व जाम से राहत दिलाने के लिए एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शहर के कई स्थलों का निरीक्षण कर संभावनाएं तलाशी। जिसकी रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जायेगी ताकि इस संबंध मे ठोस निर्णय लिया जा सके। निरीक्षण में नौ स्थानों को चिन्हित किया गया।
एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में एआरटीओ, एनएच, लोक निर्माण विभाग, मसूरी देहरा विकास प्राधिकरण, नगर पालिका, पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारियों ने लबासना मुख्य द्वार से निरीक्षण का कार्य शुरू किया, यहां पर भी मार्ग संकरा होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है उसके बाद जीरो प्वांइट, लाइब्रेरी चौक बोटल नेक व किंक्रेग सहित कुल नौ स्थानों का निरीक्षण किया जिससे जाम व वाहनों के दबाव को कम किया जा सके। वहीं कई स्थानों पर साइनेज लगाने के बारे में भी विचार किया गया। निरीक्षण की जानकारी देते हुए एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि मसूरी में बढते वाहनों के दबाव को कम करने के लिए संबंधित विभागों एमडीडीए, संभागीय परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पुलिस, व प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण में प्रतिभाग किया व जहां पर बोटल नेक है उन स्थानों को चिन्हित किया गया। ऐसे नौ स्थान चिन्हित किए गये जिस पर शीघ्र ही सभी विभागों से एनओसी लेकर कार्य किया जायेगा, इसमें सभी विभाग सहमत है व बोटल नेक को कम करने व रोड को चौड़ा करने के लिए एमडीडीए के माध्यम से कार्य कराया जायेगा ताकि लोगों को राहत मिल सके। वही कई स्थानों पर साइनेज लगाने पर भी विचार किया गया। मालूम हो कि गृह सचिव ने इस संबध में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए है, व ऐसे लोगों से भी बात करने को कहा था कि जो लोग अपनी निजी भूमि में पार्किग का संचालन करना चाहते है उनसे आवेदन लिए जाय जिससे स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों को राहत मिल सके। निरीक्षण में एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक, लोक निर्माण विभाग से सहायक अभियंता शिवराज सिंह लोधियाल, एआरटीओ पकंज श्रीवास्तव, पुलिस विभाग से वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्येंद्र भाटी, नगर पालिका से कर अधीक्षक अनिरूद्ध प्रताप सिंह चौधरी, सहित एनएच आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।