मसूरी। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने मसूरी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरे ऊपर लगाए जा रहे लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोप निराधार है, ऐसे लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा सहित आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ये आरोप उनकी राजनैतिक छवि को खराब करने के लिए आगामी चुनावों को देख कर लगाये जा रहे है, जिसके पीछे उनकी राजनीति छवि को खराब करने का षड़यंत्र है।
उन्होंने मसूरी आकर पत्रकारों को आरोपों पर खुलकर सफाई दी। गामा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूरे मामले को अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया व बोले कि साजिशकर्ताओं को बेनकाब करूंगा। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और इस तरह उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। गामा ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में चुप बैठने वाले नहीं हैं और साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करेंगे। पूर्व मेयर ने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण के पीछे कौन-कौन लोग हैं और पर्दे के पीछे रहकर कौन साजिश रच रहा है, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में इस मामले से जुड़े कई तथ्यों और चेहरों को सार्वजनिक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों से परिवार के लोगों को मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने आरोप लगाये उन्हें नौकरी भी दी व दुकान भी दी, वहीं कहा कि अगर उन्होंने उनका चालीस लाख रूपया देना है तो वह बताये कि एक छोटी नौकरी करने वाले के पास इतना पैसा कहा से आया वह यह बतायें। जबकि हकीकत है कि उन्होंने पहले भी ब्लैकमेल किया व उनको 23 लाख का भुगतान किया गया। ये सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर रहे है, प्रशासन ने आग्रह है िकवह इसकी निष्पक्ष जांच करे अगर वह दोषी माने जाते है तो वह इसका दंड भोगने को तैयार है अगर ये झूठे आरोप लगा रहे है तो उन पर कड़ी कार्रवाई करे। इससे उनकी चालीस साल की राजनीति प्रभावित हो रही है अगर आरोप सही पाये गये तो वह राजनीति से सन्यास ले लेंगे। वहीं गामा ने कहा कि वह मसूरी विधानसभा से प्रबल दावेदारी कर रहे है व पार्टी से अनुरोध किया है व इस पर पार्टी विचार कर रही है। मेरा टिकट मांगने के पीछे मसूरी विधानसभा में देहरादून नगर निगम में 18 वार्ड आते है व देहरादून में 75 प्रतिशत मतदाता है। गामा के इस बयान के बाद अब यह मामला और चर्चा में आ गया है। देखना होगा कि उनके द्वारा किए गए खुलासे और प्रस्तावित कानूनी कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में आगे क्या नया मोड़ आता है। पत्रकार वार्ता में अनिल डबराल व गिरिराज उनियाल भी मौजूद रहे।

