लंढौर बाजार के व्यापारियों ने तिरंगा रैली निकाली।

मसूरी:-  लंढौर बाजार के व्यापारियों ने स्वतंत्रता दिवस पर जनता में राष्ट्रीयता की भावना भरने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली जो लंढौर चौक से लंढौर बाजार, घंटाघर, महाराजा अग्रसेन चौक होते हुए शहीद भगत सिंह चौक तक गई।
तिरंगा यात्रा में शामिल व्यापारियों ने हाथों में तिरंगे ले रखे थे व जोश के साथ भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारे लगा रहे थे। इस मौके पर व्यापारी उपेंद्र पंवार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि लंढौर रोड का पुश्ता ढहने के कारण तिरंगा यात्रा लंढौर से नहीं निकाली जा सकी जिस पर लंढौर के व्यापारियों ने अपने क्षेत्र में तिरंगा रैली निकालने का निर्णय लिया व उसी के तहत देश भक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर भी लंढौर क्षेत्र की उपेक्षा की गई जो शर्मनाक है। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि लंढौर क्षेत्र के लोगों का देश के प्रति उत्साह को देखते हुए लंढौर बाजार के व्यापारियों ने तिरंगा रैली निकाली जो उनके देश के प्रति प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहाकि हर व्यक्ति में देश के प्रति प्रेम व भावना होनी चाहिए जो भारत की एकता को मजबूत करता है। उन्होंने इस अवसर पर सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर रवि गोयल, शानू वर्मा, राजकुमार, तनमीत खालसा, महेंद्र कुमार, सतीश ढौडियाल, अक्षत वर्मा, मनोज अग्रवाल, अनिल सिंह, संदीप अग्रवाल, राकेश ठाकुर, अनुराग रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में लढौर के व्यापारी मौजूद रहे।