पिक्चर पैलेस- क्रिक्रेग मार्ग पर लगातार पहाड़ी से बोल्डर व पत्थर गिरने से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा।

मसूरी:- पिक्चर पैलेस किंक्रेग रोड पर अलवर हाउस की ओर से लगातार भूस्खलन होने से मुख्य मार्ग पर मलवा व बोल्डर आ रहे है जिसके कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जिसका संज्ञान संबधित विभागों को लेना चाहिए जिससे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
पिक्चर पैलेस किंक्रेग मार्ग पर लगातार भूस्खलन हो रहा है जिसके कारण आस पास के क्षेत्र के लोगों सहित रोड पर चलने वालों को खतरा बना हुआ है। अलवर हाउस की पहाड़ी से लगातार बोल्डर व पुश्ते के पत्थर गिर रहे है। इस संबंध में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने बताया कि जायसवाल स्टेट के उपर अलवर हाउस है जो पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह का आवास है जहां से लगातार भूस्खलन हो रहा है व बोल्डर गिर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत दिनों बरसात में इस क्षेत्र में भारी मात्रा में मलवा आ गया था जिसके कारण रोड बंद हो गई थी व लोक निर्माण विभाग ने मलवे को हटाया था, लेकिन अब लगातार बडे बोल्डर व पुश्ते के पत्थर गिर रहे हैं। जिसके कारण रोड पर चलने वाले लोगों, वाहनो व आसपास के भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि पुश्ते के साथ ही एक बड़ा भूभाग लगातार बैठ रहा है जिससे बड़ा हादसा होने का अंदेशा लग रहा है। इस संबन्ध में मसूरी वन प्रभाग के डीएफओ को अवगत करा दिया गया है वहीं प्रशासन को भी संज्ञान लेकर इसकी रोकथाम का प्रयास करना चाहिए वरना बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पहाडों पर लगातार मशीनों व हिल्टी से हो रहे कटान से यह समस्या पैदा हो रही है। जो पहाड़ बीसियों साल से खडें हैं वह अब कैसे गिर रहे हैं इसमें मशीनों से कटान किया जाना माना जा रहा है। पिछले एसडीएम ने एक जेसीबी भी सीज की थी क्यों कि पहाड का कटान जेसीबी से करने से जमीन हिल जाती है जो बारिश के कारण दरक रही है। इस पर प्रशासन को गंभीरता से प्रसास करने होंगे जिससे धनजन की हानि होने से बचा जा सके।