मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी ने विद्यार्थियों के बीच शारीरिक स्फूर्ति, सहनशक्ति, अनुशासन एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वार्षिक विद्यालय मैराथन 2026 का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया । इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं उसके आसपास निर्धारित चुनौतीपूर्ण मार्गों पर पूरे जोश, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया तथा अपनी असाधारण सहनशक्ति और खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
मैराथन का औपचारिक शुभारंभ ब्रदर जेयसीलन एस., प्रधानाचार्य, सेंट जॉज्र्स कॉलेज तथा ब्रदर सिल्वानस केरकेट्टा, उप-प्रधानाचार्य, सेंट जॉज्र्स कॉलेज द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षाओं के अनुरूप मैराथन को पाँच विभिन्न वर्गों में विभाजित किया गया । प्रत्येक वर्ग के लिए निर्धारित मार्ग प्रतिभागियों की क्षमता एवं सहनशक्ति को चुनौती देने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए थे, जिससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा मिला। कक्षा चार वर्ग के विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से बैक फॉक्स हिल और नेपाली बेल तक का मार्ग तय किया। इस वर्ग में कलेन्स हाउस के तार्श विष्णु चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कलेन्स हाउस के शनविक वर्मा ने द्वितीय तथा मार्टिन्स हाउस के हियान ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा पांच एवं छह के सब-जूनियर वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से गॉडविन हाउस होते हुए विद्यालय के टॉप फ्लैट तक दौड़ लगाई। इस वर्ग में गेटलीज़ हाउस के शनय अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का गौरव हासिल किया। गेटलीज़ हाउस के हेरम्ब सिंह द्वितीय तथा कलेन्स हाउस के सार्थक सेमल्टी तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा सात एवं आठ के जूनियर वर्ग में प्रतिभागियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से जेपी बेंड होते हुए विद्यालय के टॉप फ्लैट तक का चुनौतीपूर्ण मार्ग पूरा किया। इस वर्ग में मार्टिन्स हाउस के स्टैंजि़न गेड्डुन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मार्टिन्स हाउस के अथर्व राणा ने द्वितीय तथा गेटलीज़ हाउस के आरव कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा नौ एवं दस के इंटरमीडिएट वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से किंक्रेग होते हुए विद्यालय के टॉप फ्लैट तक का कठिन मार्ग तय किया। इस वर्ग में कलेन्स हाउस के शिवांश मेहता विजेता रहे। कलेन्स हाउस के नैतिक चोपड़ा ने द्वितीय तथा गेटलीज़ हाउस की अनुनय आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा ग्यारह एवं बारह के सीनियर्स वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से आईटीबीपी गेट होते हुए विद्यालय के टॉप फ्लैट तक दौड़ लगाई। इस वर्ग में विद्यार्थियों ने असाधारण सहनशक्ति, दृढ़ता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। टैप्सेल्स हाउस के आर्या विक्रम राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गेटलीज़ हाउस के स्टैंजि़न गिग्सडल नामग्याल द्वितीय तथा टैप्सेल्स हाउस के ऋषि कुमार सुरेका तृतीय स्थान पर रहे। वार्षिक विद्यालय मैराथन 2026 का सफल आयोजन ब्रदर ब्रिट्टो, सुपीरियर एवं स्पोट्र्स सेक्रेटरी; ब्रदर जेयसीलन एस., प्रधानाचार्य; तथा ब्रदर सिल्वानस केरकेट्टा, उप-प्रधानाचार्य के कुशल मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। विद्यालय के खेल विभाग के समर्पित सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही शिक्षकों एवं सहायक कर्मचारियों के पूर्ण सहयोग एवं समर्पण ने कार्यक्रम के सुचारू एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

